scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमरिपोर्टसबको सुरक्षा का अहसास ही रामराज्य की अवधारणा: सीएम योगी

सबको सुरक्षा का अहसास ही रामराज्य की अवधारणा: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान समाज में भय और तनाव रहता था. तब सरकारें समाज को बांटती थीं और गुंडागर्दी और अराजकता चरम पर थी. आज उत्तर प्रदेश सुरक्षा और सुविधा देकर उत्सव प्रदेश बन चुका है.

Text Size:

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कोई तनाव नहीं है, न कोई भय, न अराजकता और न ही गुंडागर्दी. सबको सुरक्षा का एहसास है और सबके मन में एक-दूसरे के प्रति सम्मान का भाव है. यही अहसास और विश्वास रामराज्य की अवधारणा है.

सीएम योगी सोमवार शाम पांडेयहाता में होलिकादहन उत्सव समिति की ओर से आयोजित भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में शामिल हुए और उपस्थित लोगों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में उपद्रव और अराजकता फैली है, पर पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत नई बुलंदियों को छू रहा है. नया भारत हर व्यक्ति को अवसर देता है और उत्सव का वातावरण बनाता है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान समाज में भय और तनाव रहता था. तब सरकारें समाज को बांटती थीं और गुंडागर्दी और अराजकता चरम पर थी. आज उत्तर प्रदेश सुरक्षा और सुविधा देकर उत्सव प्रदेश बन चुका है.

सीएम योगी ने गोरखपुर के विरासत गलियारे के विकास की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि गलियारा प्रदेश का सबसे खूबसूरत होगा और प्रभावित व्यापारियों को नए स्थान दिए जाएंगे. सड़कें चौड़ी होंगी और फसाड लाइट लगने के बाद यह प्रदेश का प्रमुख व्यापारिक केंद्र बनेगा.

होलिकादहन के महात्म्य और भक्त प्रह्लाद की कथा का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि हिरण्यकश्यप जैसे माफिया और गुंडे प्यार से नहीं मानेंगे, उनकी राह रोकने के लिए सख्ती जरूरी है.

कार्यक्रम में सीएम योगी ने भक्त प्रह्लाद की आरती उतारी और फूलों की होली खेली. लोक कलाकारों ने नृत्य और संगीत से स्वागत किया. सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश में भ्रष्टाचार का दहन हो चुका है और विकास की गंगा बह रही है.

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि होली समरसता का पर्व है, किसी पर जबरन रंग न डालें, अश्लील गाने न बजाएं और त्योहार उत्साह और सुरक्षा के साथ मनाएं.

share & View comments