scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमरिपोर्टअपराधी के साथ जन्मदिन मनाने पर जौरा टीआई दर्शन शुक्ला निलंबित, सीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश

अपराधी के साथ जन्मदिन मनाने पर जौरा टीआई दर्शन शुक्ला निलंबित, सीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश

वीडियो वायरल होते ही मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद मुरैना एसपी कार्यालय की ओर से निलंबन आदेश जारी किया गया.

Text Size:

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना जिले के जौरा थाना प्रभारी (टीआई) दर्शन शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्ति के साथ जन्मदिन मनाया.

वायरल वीडियो सामने आने के बाद सीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने साफ किया कि कर्तव्य में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें जौरा टीआई दर्शन शुक्ला कथित बाइक चोर गिरोह के सरगना लवकुश शर्मा के साथ जन्मदिन मनाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में शुक्ला, लवकुश शर्मा के कंधे पर बैठे नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि थाना परिसर में ही केक काटकर और ढोल-नगाड़ों के साथ जन्मदिन का जश्न मनाया गया.

वीडियो वायरल होते ही मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद मुरैना एसपी कार्यालय की ओर से निलंबन आदेश जारी किया गया. आदेश में कहा गया है कि 28 फरवरी 2026 को जौरा थाना प्रभारी निरीक्षक दर्शन शुक्ला अपने जन्मदिन समारोह के दौरान आपराधिक रिकॉर्ड वाले लवकुश शर्मा के साथ मौजूद थे.

मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार लवकुश शर्मा के खिलाफ थाना कोतवाली क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी तथा थाना जौरा क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले दर्ज हैं.

आदेश में कहा गया है कि इस आचरण से पुलिस की निष्पक्ष छवि को नुकसान पहुंचा है और यह मध्यप्रदेश पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 64(3) (11) का स्पष्ट उल्लंघन है.

इसी के तहत दर्शन शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, मुरैना रहेगा. उन्हें रक्षित केंद्र की प्रत्येक गणना में उपस्थित रहना होगा और लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी. इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा.

share & View comments