scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राहुल गांधी ने स्टालिन को उनके 73वें जन्मदिन पर बधाई दी

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राहुल गांधी ने स्टालिन को उनके 73वें जन्मदिन पर बधाई दी

Text Size:

चेन्नई, एक मार्च (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई राष्ट्रीय नेताओं ने रविवार को मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन को उनके 73वें जन्मदिन पर बधाई दी।

एक औपचारिक पत्र में राष्ट्रपति मुर्मू ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और राष्ट्र की सेवा में कई और वर्षों तक समर्पित रहने की कामना व्यक्त की।

सरकार द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री से फोन पर बात की और व्यक्तिगत रूप से उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा करते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए स्टालिन को शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की, ताकि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता तमिलनाडु की जनता की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर सकें। फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियों में ‘सुपरस्टार’ रजनीकांत भी शामिल थे, जिन्होंने मुख्यमंत्री को फोन करके अपनी शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल आर. एन. रवि. ने भी राजभवन के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल के माध्यम से शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी आयु दीर्घ हो और आप इसी तरह जनसेवा करते रहें’

पीएमके नेता डॉ. अंबुमणि रामदास ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री स्टालिन को अपनी शुभकामनाएं भेजीं।

तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

स्टालिन ने दिन की शुरुआत मरीना बीच पर द्रमुक के दिग्गज नेता सी.एन. अन्नादुरई और एम. करुणानिधि के स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित करके की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जीवन का उद्देश्य तमिल भाषा और राज्य के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने बौद्धिक शक्ति के बल पर षड्यंत्रों को विफल करने के लिए एकता का आह्वान किया और द्रविड़ युग के महान नेताओं पेरियार, अन्ना व करुणानिधि की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री ने शासन के ‘द्रविड़ मॉडल’ की सफलता पर प्रकाश डालते हुए दावा किया कि इसने तमिलनाडु को एक अग्रणी राज्य में बदल दिया है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments