scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशपश्चिम एशिया संघर्ष : मप्र के दो पूर्व विधायक समेत 700 से ज्यादा यात्री संयुक्त अरब अमीरात में फंसे

पश्चिम एशिया संघर्ष : मप्र के दो पूर्व विधायक समेत 700 से ज्यादा यात्री संयुक्त अरब अमीरात में फंसे

Text Size:

इंदौर, एक मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उड़ानें रद्द होने के बाद मध्यप्रदेश के दो पूर्व विधायक समेत राज्य के 700 से ज्यादा यात्री संयुक्त अरब अमीरात में फंस गए हैं। ट्रेवल एजेंटों के एक संगठन के एक पदाधिकारी ने रविवार को यह दावा किया।

ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की मध्यप्रदेश इकाई के चेयरमैन अमोल कटारिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘फिलहाल प्रदेश के 700 से ज्यादा यात्री संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हैं। ये लोग पर्यटन और कारोबार के लिए वहां गए थे।’’

उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के हालात के मद्देनजर प्रदेश के कई लोगों ने दुबई और शारजाह के अपने हवाई टिकट रद्द कराते हुए आगामी दिनों में यात्रा का कार्यक्रम निरस्त कर दिया है।

दुबई में फंसे यात्रियों में इंदौर-1 क्षेत्र के पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी के नेता संजय शुक्ला शामिल हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा,‘‘वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण दुबई का हवाई अड्डा अस्थायी रूप से बंद होने से हमारी आज (रविवार) भारत वापसी संभव नहीं हो सकी है। इस दौरान दुबई के प्रशासन और भारत सरकार द्वारा हमें पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। परिस्थितियां सामान्य होते ही हम शीघ्र इंदौर लौटेंगे।’’

शुक्ला के चिंतित परिजन ईश्वर से उनकी सुरक्षित घर वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। उनके बेटे सागर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मेरे पिता तीन दिन पहले इंदौर जिले के देपालपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक विशाल पटेल और अपने कुछ उद्योगपति दोस्तों के साथ दुबई गए थे। उन्हें आज (रविवार) इंदौर लौटना था, लेकिन उड़ान रद्द होने से वे दुबई में ही फंसे हैं।’’

उन्होंने बताया,‘‘मेरी कुछ देर पहले पिता से फोन पर बात हुई थी। मैंने खुद इस बातचीत के दौरान वहां (दुबई) में धमाके सुने। इस गंभीर स्थिति के मद्देनजर मेरे पिता और उनके दोस्त एक सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं।’’

पूर्व विधायक के बेटे ने उम्मीद जताई कि भारत सरकार के प्रयासों से उनके पिता और उनके दोस्तों की जल्द स्वदेश वापसी होगी।

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा,‘‘दुबई और शारजाह के हवाई अड्डों पर मध्यप्रदेश के 100 से अधिक नागरिक इजराइल-ईरान युद्ध की स्थिति के कारण फंसे हुए हैं। महिलाएं, बच्चे और परिजन कई घंटों से असुविधा में हैं और उनकी उड़ानें निरस्त होने के बाद चिंता बढ़ गई है।’’

पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया कि वह तत्काल हस्तक्षेप करें और संयुक्त अरब अमीरात में फंसे सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी शीघ्र स्वदेश वापसी की व्यवस्था कराएं।

भाषा हर्ष

संतोष प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments