scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशपश्चिम एशिया संकट: भारत ने फंसे हुए विदेशी यात्रियों को वीजा राहत का आश्वासन दिया

पश्चिम एशिया संकट: भारत ने फंसे हुए विदेशी यात्रियों को वीजा राहत का आश्वासन दिया

Text Size:

नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण उड़ानों के रद्द होने के मद्देनजर भारत ने रविवार को देश में मौजूद विदेशी नागरिकों से वीजा विस्तार के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने को कहा।

विदेश मंत्रालय ने यात्रा में व्यवधान से प्रभावित विदेशी नागरिकों के लिए एक परामर्श जारी किया है।

इसने विदेशी नागरिकों से कहा है कि अगर उन्हें वीजा विस्तार में सहायता की आवश्यकता हो या अपने प्रवास को नियमित करने की आवश्यकता हो तो वे अपने निकटतम विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) से संपर्क करें।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत में रहने वाले सभी विदेशी नागरिक जिन्हें पश्चिम एशिया क्षेत्र में जारी घटनाक्रमों के कारण अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ा है और जिन्हें अपने वीजा के विस्तार या अपने प्रवास को नियमित करने के लिए सहायता की आवश्यकता है, वे निकटतम विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय से संपर्क करें।’’

इसने कहा कि संबंधित एफआरआरओ सहायता प्रदान करेंगे।

यह अभी स्पष्ट नहीं है कि उड़ान रद्द होने के कारण भारत में कितने विदेशी पर्यटक फंसे हुए हैं।

अमेरिका और इजराइल द्वारा शनिवार को ईरान पर किए गए हमले के बाद हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगने से पश्चिम एशिया एवं भारत सहित अन्य देशों में सैकड़ों उड़ानें बाधित हो गई हैं।

ईरानी सरकारी मीडिया ने रविवार सुबह पुष्टि की कि इजराइल और अमेरिका के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई।

एअर इंडिया ने रविवार के लिए 22 और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं, जिससे पश्चिम एशिया संकट के कारण रद्द की गई विदेशी उड़ानों की कुल संख्या 50 हो गई है।

नागर विमानन मंत्रालय के अनुसार, पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के कारण भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा एक मार्च को 444 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द किए जाने की संभावना है।

भाषा सुरभि नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments