scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशगोवा सरकार पश्चिम एशिया की स्थिति पर रख रही नजर, किसी के फंसे होने की सूचना नहीं

गोवा सरकार पश्चिम एशिया की स्थिति पर रख रही नजर, किसी के फंसे होने की सूचना नहीं

Text Size:

पणजी, एक मार्च (भाषा) गोवा सरकार ने रविवार को कहा कि वह पश्चिम एशिया की स्थिति पर करीबी नजर रख रही है। सरकार ने यह आश्वासन दिया कि उसे संघर्ष प्रभावित देशों में राज्य के नागरिकों के फंसे होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।

अमेरिका और इजराइल द्वारा शनिवार को ईरान पर हमला किया गया। जिसके बाद हवाई क्षेत्रों पर प्रतिबंध लगने के कारण पश्चिम एशिया और अन्य देशों में सैकड़ों उड़ानें बाधित हुई हैं।

ईरान की सरकारी मीडिया ने रविवार तड़के यह पुष्टि की कि इजराइल और अमेरिका द्वारा किए गए हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है।

गोवा के अनिवासी भारतीय (एनआरआई) आयुक्त नरेंद्र सवाईकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राज्य के अधिकारी संघर्ष प्रभावित देशों में रह रहे गोवा के समुदाय के संपर्क में हैं।

सवाईकर ने कहा, ‘मैं उस क्षेत्र में रहने वाले गोवा के लोगों के संपर्क में हूं। उन्होंने कहा है कि स्थिति सामान्य है और घबराने की जरूरत नहीं है।’

उन्होंने वहां रह रहे लोगों के परिवारों से धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया और कहा कि राज्य सरकार को गोवा के किसी भी नागरिक के फंसे होने की जानकारी नहीं मिली है।

उन्होंने कहा, ‘उस क्षेत्र में अलर्ट जारी किए गए हैं लेकिन फिलहाल स्थिति सामान्य है।’

सवाईकर ने कहा कि पश्चिम एशिया में भारतीय दूतावास सक्रिय है और समय-समय पर परामर्श जारी कर रहा है।

भाषा प्रचेता गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments