कोलंबो, एक मार्च (भाषा) सनथ जयसूर्या ने टी20 विश्व कप में श्रीलंका के खराब प्रदर्शन के बाद टीम के मुख्य कोच का पद छोड़ने का फैसला किया है।
सह मेजबान श्रीलंका सुपर आठ चरण में अपने सभी मैच हार गया। ग्रुप चरण में टीम को जिम्बाब्वे से हार मिली जबकि उसने ऑस्ट्रेलिया तथा कमजोर माने जाने वाले ओमान और आयरलैंड के खिलाफ जीत दर्ज की।
शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका की हार के बाद जयसूर्या ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरा अनुबंध जून में खत्म हो रहा है लेकिन मैं उससे पहले चला जाऊंगा। पद छोड़ने के अपने फैसले को लेकर मैं श्रीलंका क्रिकेट से बात करूंगा।’’
एकदिवसीय विश्व कप 1996 में श्रीलंका की खिताबी जीत के दौरान टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे जयसूर्या ने कहा, ‘‘हमें बेहतर करना चाहिए था, मुझे दुख है और मैं प्रशंसकों से माफी मांगता हूं।’’
उन्होंने कहा कि वानिंदु हसरंगा, मथीशा पथिराना और कुसाल मेंडिस की चोटों से श्रीलंका को काफी नुकसान हुआ।
जयसूर्या ने खराब प्रदर्शन के लिए गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, ‘‘उनके विकल्प के रूप में चुने गए खिलाड़ी जरूरी स्तर का प्रदर्शन नहीं कर सके। हसरंगा मेरे सबसे अच्छे खिलाड़ी थे, आप आसानी से उनका विकल्प नहीं ढूंढ सकते।’’
जयसूर्या ने कहा कि उनके कार्यकाल के डेढ़ साल में श्रीलंका ने सभी प्रारूप में अपनी रैंकिंग में सुधार किया।
भाषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
