इंफाल, 28 फरवरी (भाषा) युवा कांग्रेस की मणिपुर इकाई ने शनिवार को भाजपा के कथित ‘‘तानाशाही शासन’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य नेताओं को जेल से तत्काल रिहा करने की मांग की।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस भवन में एकत्र हुए और लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित राज्य भाजपा कार्यालय तक मार्च करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें गेट पर रोक दिया, जिससे थोड़ी झड़प हुई।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिए हुए थे और भाजपा तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने प्रधानमंत्री का पुतला जलाने की भी कोशिश की, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
राज्य युवा कांग्रेस अध्यक्ष डब्ल्यू आनंद सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘युवा कांग्रेस बेरोजगारी के खिलाफ, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए और देश व राज्य के गरीब वर्गों के लिए आवाज उठाती रही है। युवा कांग्रेस नेताओं को जेल में डाल दिया गया है और धमकी दी गई है, हालांकि हम डरे हुए नहीं हैं।’
सिंह ने कहा, ‘भाजपा को मणिपुर में लोगों की पीड़ा से ज्यादा पार्टी की चिंता है। भाजपा ने राज्य में मारे गए निर्दोष लोगों के लिए कोई आवाज नहीं उठाई है। ऐसे शासन के खिलाफ विरोध करने के लिए हम राज्य भाजपा कार्यालय के सामने प्रधानमंत्री का पुतला जलाना चाहते थे।’
दिल्ली की एक अदालत ने 24 फरवरी को ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में चिब को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस (यूएई) के सदस्यों के प्रदर्शन में चिब की भूमिका के संबंध में पूछताछ करने के लिए पुलिस को चार दिन की हिरासत की अनुमति दी।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
