नई दिल्ली: बिहार में रंगोत्सव होली पर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. राज्य के सभी प्रमुख शहरों और चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. बाइकर्स गैंग, सड़क पर रेसिंग करने वालों और हुड़दंगियों पर विशेष नजर रखी जाएगी.
डीजीपी विनय कुमार ने सभी जिलों के एसपी को संवेदनशील स्थान चिन्हित कर अतिरिक्त चौकसी बरतने का निर्देश दिया है. प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा और हर दो घंटे पर स्थिति की समीक्षा होगी. सांप्रदायिक या आपसी विवाद की आशंका वाले क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं.
उग्रवाद प्रभावित जिलों में पुलिस पिकेट, थानों और सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाई गई है. ट्रेनों में नशाखुरानी गिरोह पर भी नजर रखी जाएगी. राज्यभर में रेंज रिजर्व, बीसैप, केंद्रीय बल, नवनियुक्त सिपाही और होमगार्ड की व्यापक तैनाती की गई है.
