कोलकाता, 28 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास को मजबूत करने के मकसद से शुरू की गई दो नयी पहलों की शनिवार को घोषणा की।
बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों पर पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित कई ‘पिंक बूथ’ स्थापित किए जाएंगे और ये शाम से लेकर आधी रात तक खुले रहेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘शहर में रहने वाली मेरी बहनें किसी भी प्रकार की सहायता के लिए इन बूथ में सीधे केपी (कोलकाता पुलिस) की महिला अधिकारियों से संपर्क कर सकेंगी।’’
मुख्यमंत्री ने ‘शाइनिंग’ नाम से गठित महिला मोबाइल पेट्रोलिंग टीम की तैनाती की भी घोषणा की।
बनर्जी ने लिखा, ‘‘कई ‘शाइनिंग’ (जैसा कि मैंने उन्हें नाम दिया है) पूरी तरह से महिला मोबाइल गश्ती दल भी रात आठ बजे से रात दो बजे तक ड्यूटी पर रहेंगे, जो ईएम बाईपास और शहर की ऐसी अन्य प्रमुख सड़कों पर गश्त करेंगी, जिनका उपयोग मेरी कामकाजी बहनें रात के समय करती हैं।’’
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि ‘‘कोलकाता वर्षों से देश का सबसे सुरक्षित शहर बना हुआ है’’ और विश्वास व्यक्त किया कि ये दो नयी पहलें महानगर में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने में बहुत मददगार साबित होंगी।
भाषा यासिर संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
