कोझिकोड (केरल), 28 फरवरी (भाषा) कोझिकोड में शनिवार तड़के एक कार के खड़ी लॉरी से टकराने के कारण चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रमनट्टुकरा के धिनिल और फेरोक के रहने वाले अजीश, विमल और श्यामलाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि कार सवार एक अन्य व्यक्ति पंथीरंकावु निवासी धिजिल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अग्निशमन एवं बचाव सेवा के मीनचांथा केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें तड़के तीन बजकर 25 मिनट पर रमनट्टुकरा के मॉडर्न बाजार में एक कार के खड़ी लॉरी से टकराने की सूचना मिली।
स्थानीय निवासियों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और एक व्यक्ति को वाहन से बाहर निकाल लिया। बाकी चार को अग्निशमन कर्मियों ने क्षतिग्रस्त कार को काटकर बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि सभी पांच लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन चार की उपचार के दौरान मौत हो गई।
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मोटर वाहन विभाग (एमवीडी) भी दुर्घटना के कारणों की जांच करेगा।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
भाषा खारी शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
