scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमदेशछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत, एक अन्य घायल

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत, एक अन्य घायल

Text Size:

बिलासपुर, 27 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सम्बलपुरी गांव के निकट बृहस्पतिवार देर रात को एक ट्रक और स्कार्पियो वाहन के बीच हुई टक्कर हुई। इस घटना में स्कार्पियो वाहन में सवार छत्रपाल रात्रे (37), विशाल लहरे (25), अनमोल लहरे (14) और सोनू मिरी (28) की मौत हो गई तथा प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि मुंगेली और बिलासपुर जिले के निवासी पांच लोग एक रिश्तेदार के विवाह की 25वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में शामिल होने सकरी थाना क्षेत्र स्थित यादव ढाबा गए थे। जब वह रात में स्कार्पियो वाहन में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे तब कुछ दूरी पर एक ट्रक ने उनके वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में स्कर्पियो वाहन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस दल को घटनास्थल भेजा गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में स्कार्पियो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था तथा घटना में मारे गए लोग और घायल वाहन के भीतर फंसे हुए थे। वाहन के हिस्सों को गैस कटर की मदद से काटकर शवों और घायल व्यक्ति को बाहर निकाला गया तथा उन्हें अस्पताल भेजा गया।

उन्होंने बताया कि घायल को बिलासपुर शहर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान मे भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने मामल दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं संजीव मनीषा सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments