scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमरिपोर्टसोलर ऊर्जा को बढ़ावा: 24 सोलर चैंपियनों का सम्मान, ऊर्जा सचिव ने कहा–यह भी राष्ट्र सेवा

सोलर ऊर्जा को बढ़ावा: 24 सोलर चैंपियनों का सम्मान, ऊर्जा सचिव ने कहा–यह भी राष्ट्र सेवा

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के आवेदनों को 10 दिन में निपटाने के निर्देश.

Text Size:

पटना: सोलर ऊर्जा के जरिए जीरो बिजली बिल हासिल करने वाले राज्य के 24 लाभार्थियों, सबसे अधिक सोलर रूफटॉप लगाने वाले 10 वेंडरों और पीएम सूर्य घर योजना से जुड़े ऊर्जा विभाग के 5 कर्मचारियों को गुरुवार को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया.

यह सम्मान राजधानी के ऊर्जा ऑडिटोरियम में पेसू, पटना द्वारा आयोजित सोलर मेला 2026 में दिया गया.

कार्यक्रम का उद्घाटन ऊर्जा सचिव एवं अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, Bihar State Power Holding Company Limited मनोज कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया.

ऊर्जा सचिव ने कहा कि राष्ट्र सेवा के कई तरीके होते हैं. कोई सेना में रहकर देश की सेवा करता है, तो कोई अन्य माध्यम से. आम नागरिक भी सोलर ऊर्जा अपनाकर राष्ट्र सेवा कर सकते हैं.

उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग आज बड़ी समस्या है और इससे निपटने के लिए PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana एक ऐतिहासिक पहल है.

सम्मानित सोलर चैंपियनों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि आपके घरों की छत पर लगे सोलर पैनल यह दिखाते हैं कि आप राष्ट्र के प्रति जागरूक हैं. प्रदूषण कम करने और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में आपकी भूमिका सराहनीय है.

ऊर्जा सचिव ने बताया कि यह योजना न सिर्फ बिजली बिल बचाती है, बल्कि लोगों को आर्थिक रूप से भी मजबूत बनाती है. इस योजना के तहत लोग मुफ्त बिजली का लाभ ले सकते हैं. योजना में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए पटना, मुजफ्फरपुर और बिहारशरीफ में सिटी एक्सीलरेटेड प्रोग्राम (कैप) के तहत Deloitte एजेंसी काम कर रही है.

उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़े आवेदनों का निस्तारण 10 दिनों के भीतर करें और अनावश्यक दस्तावेज न मांगें. आम लोगों से अपील की गई कि किसी भी समस्या की स्थिति में अपने नजदीकी कार्यालय से संपर्क करें.

share & View comments