गुरुग्राम, 26 फरवरी (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में ऑटो रिक्शा से घर लौट रही एक नेपाली महिला के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। आरोपियों में ऑटो रिक्शा का चालक भी शामिल है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सदर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
बुधवार को दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में 26 वर्षीय पीड़िता ने कहा कि वह कुरुक्षेत्र में रहती है और वहां एक निजी कंपनी में काम करती है।
शिकायत में कहा गया है कि मंगलवार को वह गुरुग्राम में एक दोस्त से मिलने आई थी। इसमें कहा गया है कि हालांकि, दोस्त को न पाकर वह परेशान हो गई और उसने शराब पी ली।
अधिकारियों ने पीड़िता के हवाले से कहा, ‘‘इसके बाद वह एक ऑटो-रिक्शा में बैठ गई, जिसमें पहले से ही तीन लोग सवार थे। वह इतनी नशे में थी कि उसे कुछ भी स्पष्ट रूप से याद नहीं था। जब उसे होश आया तो उसने खुद को नाहरपुर रूपा इलाके के एक कमरे में पाया, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।’’
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘अपनी शिकायत में महिला ने तीन पुरुषों पर सामूहिक बलात्कार का आरोप लगाया है। पुलिस ने बुधवार रात को मुख्य आरोपी- उत्तर प्रदेश निवासी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।’’
भाषा
देवेंद्र सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
