scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशदिल्ली को 2047 तक ज्ञान की राजधानी के तौर पर स्थापित करने का लक्ष्य : सूद

दिल्ली को 2047 तक ज्ञान की राजधानी के तौर पर स्थापित करने का लक्ष्य : सूद

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बृहस्पतिवार को महाराजा अग्रसेन कॉलेज में एक नए छात्र ‘स्टूडेंट फैसिलिटी सेंटर’ का उद्घाटन किया और ‘इंडियन नॉलेज ट्रेडिशन सेंटर’ की आधारशिला रखी। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

मंत्री ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज में एक मल्टीमीडिया सेमिनार हॉल, पांच स्मार्ट क्लासरूम और एक आरएफआईडी-सक्षम पुस्तकालय प्रबंधन प्रणाली का भी उद्घाटन किया।

सूद ने कहा कि सरकार बेहतर बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी के माध्यम से उच्च शिक्षा को मजबूत करने के लिए काम कर रही है और उसका राजधानी की शिक्षा प्रणाली में दीर्घकालिक सुधार लाने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि ‘स्टूडेंट फैसिलिटी सेंटर’ विद्यार्थियों को एक समग्र एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा, वहीं ‘इंडियन नॉलेज ट्रेडिशन सेंटर’ भारतीय ज्ञान, संस्कृति एवं परंपराओं के अध्ययन एवं अनुसंधान को नई दिशा देगा।

शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली में किसी भी उच्च शिक्षा संस्थान को कोष के संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा कोई भी शिक्षक अपनी गरिमा की रक्षा के लिए सड़क पर आने को मजबूर नहीं होगा।

सूद ने कहा, ‘सरकार स्मार्ट बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए ‘बड़े पैमाने पर और तेजी से’ काम कर रही है, जिसमें अगले चरण में कक्षा नौवीं से 12वीं तक की 7,000 कक्षाओं को स्मार्ट क्लासरूम में बदलने की योजना शामिल है।’

इस कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध, दिल्ली सरकार द्वारा पूर्णतः वित्तपोषित 12 कॉलेजों के प्राचार्यों का एक प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित था।

मंत्री ने कहा कि सरकार का व्यापक लक्ष्य 2047 तक दिल्ली को ज्ञान की राजधानी के रूप में स्थापित करना है।

भाषा नोमान रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments