नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज के भारत में शांतिपूर्ण विरोध करना सबसे बड़ा अपराध बना दिया गया है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में असहमति को देशद्रोह और सवाल पूछने को साजिश बताया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर लाठीचार्ज, केस और जेल जैसी कार्रवाई आम हो गई है.
आज भारत में Compromised PM के राज में शांतिपूर्ण विरोध करना ही सबसे बड़ा “अपराध” बना दिया गया है।
दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को धीरे-धीरे ऐसी दिशा में धकेला जा रहा है, जहां असहमति को देशद्रोह और सवाल पूछने को साज़िश बताया जाता है।
सोचिए – मुद्दा कोई भी हो, अगर आप सत्ता के…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 26, 2026
उन्होंने पेपर लीक, महिला पहलवानों के आंदोलन और रेप पीड़िता के समर्थन में हुए प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं और खिलाड़ियों की आवाज को दबाया गया और उनके आंदोलनों को खत्म कर दिया गया.
राहुल गांधी ने इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पर उन्हें “देशविरोधी” बताकर गिरफ्तार किया गया.
उन्होंने कहा कि किसानों, आदिवासियों और आम लोगों की मांगों को भी दबाया जा रहा है. राहुल गांधी ने सवाल किया कि यह कैसा लोकतंत्र है, जहां सरकार सवालों से डरती है.
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र की आत्मा है और सरकार को आलोचना सुनकर जवाब देना चाहिए. उन्होंने कहा, “यह उत्तर कोरिया नहीं, भारत है.”
