नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को राहुल गांधी पर भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के बारे में ‘‘झूठ’’ फैलाने का आरोप लगाया और कांग्रेस नेता से सवाल किया कि क्या वह भारत-विरोधी ताकतों के ‘‘मुखपत्र’’ बन गए हैं।
यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, पार्टी सांसद बांसुरी स्वराज ने राहुल के इस दावे को ‘‘बेबुनियाद’’ बताया कि भारत का अमेरिका के साथ व्यापार समझौता किसानों के हितों के खिलाफ है।
स्वराज ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने अपने ‘‘अराजक आचरण’’ से खुद को और अपनी पार्टी को ‘‘मजाक का पात्र’’ बना दिया है और अपने पद की गरिमा को धूमिल किया है।
उनकी यह प्रतिक्रिया, भोपाल में ‘किसान महाचौपाल’ में राहुल द्वारा यह आरोप लगाये जाने के बाद आई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करके भारत के कृषि, डेटा, कपड़ा और आयात क्षेत्र के हितों से ‘‘समझौता’’ किया है।
कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए स्वराज ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और असहमति लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली की रीढ़ है, लेकिन यह ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ है कि भारत को राहुल गांधी जैसा नेता प्रतिपक्ष मिला है।
भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल ने अपने पद की गरिमा को ठेस पहुंचाते हुए खुद को और अपनी पार्टी को ‘‘मजाक का पात्र’’ बना दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जिस तरह से उन्होंने जहर उगला, वह न केवल अशोभनीय और अलोकतांत्रिक है, बल्कि अराजकता भी है।’’
स्वराज ने कहा, ‘‘उन्होंने देश और प्रधानमंत्री पर जिस तरह के आरोप लगाए… मैं पूछना चाहूंगी कि क्या वह भारत-विरोधी ताकतों के मुखपत्र बन गए हैं?’’
स्वराज ने कहा कि राहुल गांधी लोगों को गुमराह करने के लिए बार-बार ‘‘झूठ’’ फैला रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की तथाकथित मोहब्बत की दुकान में केवल नफरत, अराजकता और नकारात्मकता ही मिलती है।
भाषा सुभाष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
