scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र: कांग्रेस नेताओं ने प्रवक्ता पर हमले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

महाराष्ट्र: कांग्रेस नेताओं ने प्रवक्ता पर हमले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

Text Size:

पुणे, 24 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार से मुलाकात कर पार्टी प्रवक्ता पर दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से किये गए हमले के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस की पुणे इकाई के प्रवक्ता हनुमंत पवार ने सोमवार को आरोप लगाया कि टीवी बहस में भाग लेने वाले तुषार दामगुडे और उनके पांच सहयोगियों ने स्वारगेट इलाके में एक मराठी समाचार चैनल के कार्यालय के बाहर चर्चा के दौरान हुए विवाद के बाद उन पर हमला किया।

पवार ने आरोप लगाया कि दामगुडे ने रिवॉल्वर दिखाकर उन्हें धमकाया।

पुलिस ने दामगुडे और पांच अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस आयुक्त के साथ मुलाकात के दौरान कांग्रेस भवन के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई हालिया हिंसक झड़प का भी हवाला दिया और पुलिस प्रमुख से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलाने का आग्रह किया।

कांग्रेस नेता प्रशांत जगताप ने कहा, ‘‘हमने पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर पवार पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दामगुडे और अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के बजाय नोटिस देकर छोड़ दिया।’’

इसी बीच, दामगुडे ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि पवार ने हाल ही में एक टीवी बहस के दौरान उनके खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘कल (सोमवार को) बहस के बाद उन्होंने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। जब मैंने उनसे स्पष्टीकरण मांगा, तो उन्होंने वही शब्द दोहराए, जिसके कारण यह घटना घटी।’’

दामगुडे ने स्वीकार किया कि उनके पास लाइसेंसी बंदूक है, लेकिन उन्होंने हथियार दिखाकर धमकाने के पवार के आरोप का खंडन किया।

भाषा धीरज जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments