श्री विजयपुरम, 24 फरवरी (भाषा) उत्तरी और मध्य अंडमान जिले के रंगत से उड़ान भरने के बाद पवन हंस के एक हेलीकॉप्टर को मंगलवार सुबह समुद्र में उतारना पड़ा, हालांकि उसमें सवार चालक दल के दो सदस्यों सहित सात लोगों को बचा लिया गया।
अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई।
एक अधिकारी के अनुसार, समुद्र के बीच से बचाए गए पांचों यात्रियों और चालक दल के दोनों सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक वरिष्ठ नागर विमानन अधिकारी ने बताया, ‘‘हेलीकॉप्टर ने श्री विजयपुरम से सुबह आठ बजकर 45 मिनट पर उड़ान भरी थी और साढ़े नौ बजे समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी का संकेत मिला है जिसके कारण पायलट को हेलीकॉप्टर समुद्र में उतारना पड़ा।’’
उन्होंने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
नागर विमानन निदेशक नितेश रावत ने कहा, “(हेलीकॉप्टर में) पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। अभी पायलट का बयान दर्ज किया जाना बाकी है। सभी घायलों का उपचार मायाबंदर स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद अस्पताल में किया जा रहा है। हम घायलों को श्री विजयपुरम लाने का प्रयास कर रहे हैं।”
पवन हंस के एक प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हेलीकॉप्टर ने सुबह करीब साढ़े आठ बजे पोर्ट ब्लेयर से रंगत के लिए उड़ान भरी। सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर यह मायाबंदर के लिए रवाना हुआ और नौ बजकर 30 मिनट पर इसे उतरना था, लेकिन रनवे से लगभग 300 मीटर पहले उसे समुद्र में उतारना पड़ा। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और चालक दल के दो सदस्य सवार थे। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।”
पवन हंस लिमिटेड नोएडा स्थित केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का एक उपक्रम है।
प्रवक्ता ने बताया कि पोर्ट ब्लेयर से एक राहत हेलीकॉप्टर भी भेजा गया है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
