scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशबीते 365 दिन में पारदर्शिता, अवसंरचना और डिजिटल शासन से बदली दिल्ली की दिशा: रेखा गुप्ता

बीते 365 दिन में पारदर्शिता, अवसंरचना और डिजिटल शासन से बदली दिल्ली की दिशा: रेखा गुप्ता

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी की (भाजपा) की सरकार ने बीते एक साल में राष्ट्रीय राजधानी को पारदर्शी प्रशासन, भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था, तेज़ अवसंरचना विकास, डिजिटल शासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नई गति और नई दिशा देने का कार्य किया है।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘पहला कदम बदलाव का, एक साल विकास का’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है।

उन्होंने यह बयान उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में खजूरी चौक स्थित नमो ग्राउंड पर सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया।

गुप्ता ने बीते 365 दिनों को ‘जनता के विश्वास, सेवा के संकल्प और सुशासन के परिणाम’ का वर्ष बताया।

उन्होंने कहा कि यह वर्ष दिल्ली को नया आत्मविश्वास देने का वर्ष रहा है, जहां सरकार ने हर वर्ग जैसे गरीब, श्रमिक, महिला, युवा और मध्यम वर्ग आदि के हितों को प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को आधार बनाकर दिल्ली में सुशासन का नया मॉडल स्थापित किया गया है।”

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाला समय विकास की इस रफ्तार को और तेज़ करने, दिल्ली को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाने और हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का होगा।

पिछले साल हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भारी जीत के बाद गुप्ता और उनकी मंत्रिपरिषद ने 20 फरवरी 2025 को शपथ ली थी।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी, सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक अजय महावर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि आज दिल्ली में ऐसी मुख्यमंत्री पद पर हैं जिनके घर और दफ्तर के दरवाज़े 24 घंटे जनता के लिए खुले हैं।

उन्होंने कहा कि 365 दिनों में 365 से अधिक कार्य मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरे किए गए हैं।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments