scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशपंजाब: अमृतसर में मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन लोग गिरफ्तार

पंजाब: अमृतसर में मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन लोग गिरफ्तार

Text Size:

चंडीगढ़, 23 फरवरी (भाषा) पंजाब पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ शाखा ने सोमवार को अमृतसर में एक मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से छह-छह किलोग्राम हेरोइन तथा क्रिस्टल मेथम्फेटामाइन’ (आइस) बरामद की।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान प्रताप सिंह (फिरोजपुर निवासी), अजयपाल सिंह और जोबंदीप सिंह (दोनों अमृतसर निवासी) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल और स्कूटर भी जब्त कर लिए हैं, जिनका इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा था।

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी प्रताप सिंह और अजयपाल सिंह पाकिस्तान के एक तस्कर के कथित तौर पर सीधे संपर्क में थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी ड्रोन की मदद से अटलगढ़ और रतन गांवों के बाड़ वाले इलाके से सीमा पार से तस्करी की गई खेप इकट्ठा कर रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि उन्हें (आरोपियों को) इन मादक पदार्थों को राज्य में अन्य समूहों तक पहुंचाने का काम सौंपा गया था।

यादव ने अभियान से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि अमृतसर स्थित ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ शाखा को विशिष्ट खुफिया जानकारी मिली थी कि आरोपियों ने हाल ही में ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप प्राप्त की थी और वे इसे पधरी गांव में अपने सहयोगी जोबनदीप सिंह को पहुंचाने जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस दल ने उस स्थान पर छापा मारा और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया तथा उनके पास से छह किलोग्राम हेरोइन और छह किलोग्राम ‘आइस’ बरामद की।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में पूरी सांठगांठ का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है तथा अन्य गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments