scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशअहिंसक और लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन से प्रधानमंत्री क्यों डरते हैं : राहुल

अहिंसक और लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन से प्रधानमंत्री क्यों डरते हैं : राहुल

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता और भारत का पूरा डेटा सौंपा जाना शर्म का विषय है।

उन्होंने एक वीडियो जारी कर यह सवाल भी किया कि प्रधानमंत्री मोदी अहिंसा और लोकतांत्रिक विरोध से क्यों डरते हैं?

राहुल गांधी ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस पार्टी के ‘बब्बर शेर’ कार्यकर्ता देश की रक्षा करते रहेंगे, एक इंच पीछे नहीं हटेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में किए गए प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस की कड़ी आलोचना करते हुए रविवार को कहा था कि इस पार्टी ने एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और ‘नंगी’ राजनीति का अखाड़ा बना दिया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी आप शर्म की बात करते हो? शर्म की बात मैं आपको बताता हूं। एप्सटीन फाइल में आपका, आपके मंत्री और आपके मित्र का साथ में नाम आना। ऐसे घिनौने अपराधी के साथ आपका नाम जुड़ा होना शर्म की बात है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आपने अमेरिका के साथ जो व्यापार समझौता किया है, जिसमें आपने देश को बेच दिया, ये शर्म की बात है। हमारे देश का डेटा दे दिया। किसानों को खत्म कर दिया। कपड़ा उद्योग को बर्बाद कर दिया, ये शर्म की बात है।’’

राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘पूरा देश जानता है कि अदाणी पर अमेरिका में चल रहे मुकदमे ने आपकी रातों की नींद उड़ा रखी है, क्योंकि वो भाजपा और आपके वित्तीय ढांचे पर मुकदमा है। 14 महीनों से उसपर कोई कार्रवाई नहीं हुई, ये शर्म की बात है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी, आप अपने मित्रों अनिल अंबानी, अदाणी और अपने लिए जो उचित समझें, वो कीजिए। मैं और कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर देश की रक्षा करते रहेंगे, एक इंच पीछे नहीं हटेंगे।’’

भाषा हक हक दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments