scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमखेलएनगिडी ने अपनी सफलता का श्रेय आईपीएल और ब्रावो को दिया

एनगिडी ने अपनी सफलता का श्रेय आईपीएल और ब्रावो को दिया

Text Size:

(कुशान सरकार)

अहमदाबाद, 23 फरवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने टी20 क्रिकेट में अच्छा गेंदबाज बनने का श्रेय इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) तथा वेस्टइंडीज और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो को दिया।

एनगिडी ने चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताये गए समय में अपने गेंदबाजी कौशल को नया स्वरूप दिया क्योंकि इस दौरान उन्होंने ब्रावो को देखकर और उनके साथ बिताए गए कई घंटों ने अपनी धीमी गेंद को निर्णायक हथियार में बदल दिया।

भारत के खिलाफ रविवार को यहां खेले गए टी20 विश्व कप के मैच में एनगिडी ने अपनी धीमी गेंद का शानदार नमूना पेश किया तथा चार ओवर में केवल 15 रन दिए। धीमी गेंद अब उनके गेंदबाजी कौशल का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है।

एनगिडी ने कहा, ‘‘मैंने पहले भी कहा था कि मैं 2018 में ब्रावो के साथ आईपीएल में था। उस पूरे आईपीएल के दौरान मैंने सिर्फ उसी गेंद पर काम किया। मुझे खेलने का मौका नहीं मिल रहा था और इसलिए मुझे अभ्यास करने का समय मिल गया। इसके बाद जब मैं दक्षिण अफ्रीका लौटा तो मैंने उस गेंद को परफेक्ट बनाने की कोशिश की।’’

उन्होंने स्वीकार किया कि गेंद की गति में बदलाव करने की कला में महारत हासिल करना एक क्रमिक प्रक्रिया है।

एनगिडी ने कहा, ‘‘चाहे वह धीमी यॉर्कर हो, बैक ऑफ लेंथ हो या धीमी उछाल वाली गेंद। यानी एक ही गेंद से तीन अलग-अलग लेंथ की गेंद करना। मुझे लगता है कि आपको अनुमान लगाना होगा कि अगली गेंद कौन सी होगी।’’

इस दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने कहा कि इस दौरान लोगों की निगाह उन पर नहीं पड़ी जिसका उन्हें फायदा मिला।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि शायद मैं लोगों की नजरों से दूर रहकर काम कर रहा हूं। इसलिए बहुत से लोग मुझ पर ध्यान नहीं देते। मुझे लगता है कि इससे मुझे अपनी गेंदबाजी में विविधता लाने में मदद मिली।’’

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments