scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशAI समिट में यूथ कांग्रेस के ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन की देशभर के 150 शिक्षाविदों ने की निंदा, बताया शर्मनाक

AI समिट में यूथ कांग्रेस के ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन की देशभर के 150 शिक्षाविदों ने की निंदा, बताया शर्मनाक

इस बीच, भारत मंडपम में हुए इस प्रदर्शन की देशभर के नेताओं ने आलोचना की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा और सांसद राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की.

Text Size:

नई दिल्ली: देशभर के करीब 150 शिक्षाविदों ने यूथ कांग्रेस द्वारा इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान किए गए “शर्टलेस” प्रदर्शन की कड़ी निंदा की है. डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन के निदेशक बिनय कुमार सिंह ने एक प्रेस रिलीज जारी कर इस प्रदर्शन को “शर्मनाक और अपमानजनक” बताया.

प्रेस रिलीज के अनुसार, भारत के शैक्षणिक और बौद्धिक समुदाय के बड़े वर्ग ने एक संयुक्त बयान जारी कर समिट के दौरान यूथ कांग्रेस नेताओं के व्यवहार पर गहरी चिंता जताई.

बयान में कहा गया कि यह समिट भारत के लिए अपनी तकनीकी क्षमता, रणनीतिक रोडमैप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बढ़ती नेतृत्व भूमिका को दुनिया के सामने दिखाने का एक महत्वपूर्ण अवसर था. ऐसे में इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में किसी भी तरह का व्यवधान गलत समय पर हुआ और इससे भारत की वैश्विक साख को नुकसान पहुंच सकता है, खासकर तब जब देश का एआई इकोसिस्टम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से ध्यान आकर्षित कर रहा है.

प्रेस रिलीज के मुताबिक, देशभर के 150 से ज्यादा शिक्षाविद, जिनमें कुलपति, पूर्व कुलपति, निदेशक, वरिष्ठ प्रोफेसर, शोधकर्ता और बुद्धिजीवी शामिल हैं, उन्होंने हस्ताक्षर अभियान के जरिए इस घटना की कड़ी निंदा दर्ज कराई है.

हस्ताक्षर करने वालों ने साफ कहा कि समिट में मौजूद यूथ कांग्रेस के नेताओं की कार्रवाई को लोकतांत्रिक विरोध नहीं कहा जा सकता, बल्कि यह एक गैर-जिम्मेदाराना कदम था, जिससे महत्वपूर्ण समय पर भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंच सकता था.

शैक्षणिक समुदाय ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि ऐसे मंच को राजनीतिक प्रदर्शन का अखाड़ा बनाना गलत निर्णय और राष्ट्रीय हितों की अनदेखी को दिखाता है.

इस बीच, भारत मंडपम में हुए इस प्रदर्शन की देशभर के नेताओं ने आलोचना की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा और सांसद राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की.

यहां तक कि कांग्रेस के सहयोगी दल समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कहा कि पार्टी इस तरह की कार्रवाई से बच सकती थी.

वहीं, दिल्ली पुलिस ने इस मामले में ग्वालियर के जितेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है. यह इस मामले में पांचवीं गिरफ्तारी है. इससे पहले कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव को गिरफ्तार कर पटियाला हाउस कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था.

पुलिस मामले की जांच कर रही है.

share & View comments