रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपना 62वां जन्मदिन बगिया, जशपुर स्थित बालक आश्रम में बच्चों के साथ मनाया. मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और माहौल पारिवारिक उत्सव जैसा हो गया.
मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा, उनसे पढ़ाई और सपनों के बारे में बात की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाया और आशीर्वाद देते हुए कहा कि बच्चों की मुस्कान ही उनके जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है.
आश्रम में कक्षा 1 से 5 तक के अधिकांश आदिवासी बच्चे पढ़ते हैं. मुख्यमंत्री का उनके बीच पहुंचकर जन्मदिन मनाना बच्चों के लिए खास और प्रेरणादायक पल बन गया. इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आश्रम स्टाफ भी मौजूद रहे.
