scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशढाका होते हुए अगरतला-कोलकाता बस का परीक्षण परिचालन सकारात्मक संकेत: त्रिपुरा मंत्री

ढाका होते हुए अगरतला-कोलकाता बस का परीक्षण परिचालन सकारात्मक संकेत: त्रिपुरा मंत्री

Text Size:

अगरतला, 22 फरवरी (भाषा) त्रिपुरा के परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने रविवार को कहा कि बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के कारण एक साल से निलंबित अगरतला-कोलकाता बस सेवा को ढाका होते हुए फिर से शुरू करने के लिए किया जा रहा परीक्षण पूर्वोत्तर राज्य के लिए एक ‘‘सकारात्मक संकेत’’ है।

रॉयल-मैत्री अंतरराष्ट्रीय बस सेवा ने शनिवार को ढाका होते हुए अगरतला से कोलकाता के लिए बस चलाकर एक परीक्षण किया।

चौधरी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘पिछले एक साल में बांग्लादेश में जो कुछ हुआ, उसे हम स्वीकार नहीं कर सके। अब चुनाव के माध्यम से नयी सरकार के गठन के बाद स्थिति बदल रही है।’’

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में कानून का शासन स्थापित हो चुका है और तारिक रहमान के नेतृत्व में लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार अपने पड़ोसियों के साथ पारंपरिक रूप से अच्छे संबंध बनाए रखेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘रॉयल-मैत्री अंतरराष्ट्रीय बस सेवा द्वारा ढाका होते हुए अगरतला-कोलकाता बस सेवा को फिर से शुरू करने के लिए किया गया परीक्षण एक स्वागतयोग्य और रणनीतिक कदम है। मुझे पता चला है कि अगरतला स्थित सहायक उच्चायोग कार्यालय जल्द से जल्द वीजा जारी करना शुरू कर देगा।’’

मंत्री ने कहा कि त्रिपुरा के लोगों ने बांग्लादेश को कभी दुश्मन नहीं बल्कि परिवार का हिस्सा माना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नयी सरकार आपसी लाभ के लिए व्यापार और वाणिज्य से लेकर संस्कृति तक सभी मोर्चों पर सहयोग बढ़ाने के लिए काम करेगी।

पड़ोसी देश में राजनीतिक उथल-पुथल के कारण रॉयल-मैत्री अंतरराष्ट्रीय बस सेवा पिछले एक साल से निलंबित है।

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments