scorecardresearch
Saturday, 21 February, 2026
होमरिपोर्टछत्तीसगढ़ में अंतिम मतदाता सूची जारी, विशेष पुनरीक्षण के बाद 1.87 करोड़ से अधिक वोटर दर्ज

छत्तीसगढ़ में अंतिम मतदाता सूची जारी, विशेष पुनरीक्षण के बाद 1.87 करोड़ से अधिक वोटर दर्ज

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची की तुलना में अंतिम सूची में 2 लाख 34 हजार 994 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

Text Size:

रायपुर: भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पूरा होने के बाद शनिवार को छत्तीसगढ़ की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी. इस प्रक्रिया में राज्य में कुल 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं.

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची की तुलना में अंतिम सूची में 2 लाख 34 हजार 994 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस दौरान 27 हजार 196 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर सत्यापन किया, गणना प्रपत्र वितरित किए और मतदाताओं का मैपिंग व सत्यापन कार्य पूरा किया.

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 27 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर चार महीने तक चला, जिसके बाद सभी चरण सफलतापूर्वक पूरे कर 21 फरवरी 2026 को अंतिम सूची प्रकाशित की गई.

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार से जुड़े दावे और आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त हुए थे, जिनका निपटारा 14 फरवरी 2026 तक पूरा कर लिया गया.

इससे पहले 19 फरवरी को निर्वाचन आयोग ने 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वे अगले चरण के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी पूरी करें. यह अभियान अप्रैल 2026 से शुरू होने की संभावना है.

फिलहाल देशभर के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान चल रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है.

share & View comments