scorecardresearch
Sunday, 22 February, 2026
होमदेशएआई सम्मेलन स्थल पर कांग्रेस का प्रदर्शन देशद्रोह के समान : भाजपा

एआई सम्मेलन स्थल पर कांग्रेस का प्रदर्शन देशद्रोह के समान : भाजपा

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर एक बार फिर हमला बोलते हुए विपक्षी पार्टी की युवा इकाई द्वारा यहां ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में किए गए विरोध प्रदर्शन को ‘‘देशद्रोह’’ बताया और आरोप लगाया कि ‘‘लश्कर-ए-राहुल के सिपाहियों’’ ने देश की छवि खराब करने की कोशिश की।

भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को एआई सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम के एक प्रदर्शनी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया।

विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने जो किया है वह सिर्फ राजनीति नहीं है। इसे महज नकारात्मक राजनीति कहकर खारिज नहीं किया जा सकता, यह देशद्रोह के बराबर है।’’

त्रिवेदी ने यहां पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘अब तक राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के बारे में अपमानजनक, आपत्तिजनक और निंदनीय बयान देते थे। अब लश्कर-ए-राहुल के झंडाबरदार और सिपाही विदेशी मेहमानों के सामने भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि एआई सम्मेलन स्थल पर हुआ विरोध प्रदर्शन कांग्रेस के ‘‘ओछेपन’’ का ‘‘शर्मनाक प्रदर्शन’’ था।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘पूरा देश व्यथित और आक्रोशित है। देश की जनता कांग्रेस के इस निंदनीय आचरण को कभी माफ नहीं करेगी।’’

भाषा गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments