जयपुर, 19 फरवरी (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बृहस्पतिवार को कोटा के एक व्यक्ति द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस सांसदों को दी गई धमकी की निंदा की तथा भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर असहिष्णुता फैलाने का आरोप लगाया।
डोटासरा ने कहा, “राहुल गांधी को दी गई खुली धमकी एक जहरीली मानसिकता को दर्शाती है। वैचारिक कट्टरता का इस्तेमाल असहमति को राष्ट्रविरोधी ठहराने के लिए किया जा रहा है।”
डोटासरा ने दावा किया कि ऐसा माहौल विपक्षी नेताओं के खिलाफ हिंसा को प्रोत्साहित कर सकता है। उन्होंने कहा कि नफ़रत फैलाने के प्रयास सफल नहीं होंगे और देश महात्मा गांधी के आदर्शों का अनुसरण करेगा, न कि नाथूराम गोडसे के रास्ते का।
विधानसभा भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इसे गंभीर सुरक्षा चिंता बताया और भाजपा पर डर का माहौल बनाने का आरोप लगाया।
जूली ने आरोप लगाया कि पहले विपक्षी नेताओं पर केंद्रीय एजेंसियों के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की गई और अब खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं।
उन्होंने कहा, “हम डरते नहीं हैं, और राहुल गांधी भी नहीं डरते।”
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि कोटा पुलिस ने धमकी वाले वीडियो का तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा।
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
