scorecardresearch
Wednesday, 18 February, 2026
होमदेशछत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 35 विद्यार्थियों ने जख्मी की कलाई, जिला प्रशासन पहुंचा स्कूल

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 35 विद्यार्थियों ने जख्मी की कलाई, जिला प्रशासन पहुंचा स्कूल

Text Size:

धमतरी (छत्तीसगढ़), 18 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के एक सरकारी स्कूल में 35 छात्रों ने अपनी कलाई को किसी धारदार वस्तु से जख्मी कर लिया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच की तथा शिक्षकों को छात्रों पर नजर रखने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के कुरूद विकासखंड के अंतर्गत दहदहा गांव में स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के 35 छात्रों की कलाइयों में चोट के निशान पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की है।

कुरूद क्षेत्र के तहसीलदार सूरज बंछोर ने बताया कि इस स्कूल के विद्यार्थियों के परिजनों ने 13 फरवरी को अपने बच्चों की कलाई पर काटे जाने का निशान देखा तब उन्होंने इसकी सूचना स्कूल प्रबंधन को दी। बाद में जब स्कूल प्रबंधन ने मामले की पड़ताल की तब जानकारी मिली कि 35 छात्रों ने अपनी कलाई को किसी धारदार वस्तु से जख्मी किया है। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी।

बंछोर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों के दल ने स्कूल का दौरा किया।

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान जानकारी मिली है कि लगभग एक माह पहले छात्रों ने एक दूसरे को देखकर अपने हाथ की कलाई को जख्मी किया था। वर्तमान में छात्रों की कलाई में चोट के निशान ही शेष हैं तथा घाव भर चुका है।

उन्होंने बताया, ‘‘बच्चों की स्थिति को देखने तथा उनसे बात करने से लग रहा है कि उन्होंने एक दूसरे को देखकर इस तरह का कदम उठाया है। हालांकि बड़ी संख्या में हाथ काटना जांच का विषय है। वर्तमान में सभी विद्यार्थी स्वस्थ हैं। हाथ के घाव भर रहे हैं।’’

बंछोर ने बताया कि विद्यार्थियों को समझाया गया है तथा अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों पर नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है।

कुरूद क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र कुमार साहू ने बताया कि 13 फरवरी को यह मामला संज्ञान में आया था। यह 15 से 20 दिन पुराना मामला है।

साहू ने बताया कि चिकित्सकों के दल ने मामले की जांच की है। उन्हें आशंका है कि बच्चों ने नशे के कारण इस घटना को अंजाम दिया है। चिकित्सकों और अधिकारियों ने अभिभावकों तथा शिक्षकों की बैठक ली है। वहीं 16 फरवरी को सभी विद्यार्थियों की काउंसलिंग भी की गई।

भाषा सं संजीव शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments