scorecardresearch
Saturday, 4 April, 2026
होमदेशभारत वैश्विक साझेदारों के साथ अधिक गहनता से जुड़ रहा: जयशंकर

भारत वैश्विक साझेदारों के साथ अधिक गहनता से जुड़ रहा: जयशंकर

Text Size:

मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका के साथ एक समझौते समेत हाल में हुए व्यापार समझौतों का जिक्र करते हुए मंगलवार को कहा कि भारत मजबूत स्थिति में अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ अधिक गहनता से जुड़ रहा है।

जयशंकर ने यहां वैश्विक आर्थिक सहयोग सम्मेलन में कहा कि दुनिया उत्पादन और वित्त के हथियारीकरण, बाजार हिस्सेदारी का लाभ उठाए जाने और निर्यात नियंत्रणों को सख्त किए जाने की गवाह बन रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘मजबूत स्थिति में भारत अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ अधिक गहनता से जुड़ रहा है। हाल में हुए व्यापार समझौतों में यह बात स्पष्ट रूप से देखी गई।’’

जयशंकर ने कहा कि दुनिया एक अस्थिर और अनिश्चित युग में प्रवेश कर चुकी है, जो ‘‘हमारे जीवनकाल में संभवतः सबसे अधिक उथल-पुथल भरा युग’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘स्थापित वैश्विक व्यवस्था स्पष्ट रूप से बदल रही है, इसके विकल्प तैयार करना मुश्किल है और ऐसा प्रतीत होता है कि हम एक अनिश्चितता के लंबे दौर की ओर बढ़ रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर हुई बातचीत के बाद, दोनों पक्षों ने भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की हाल में घोषणा की।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने पहले कहा था कि पिछले महीने भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बातचीत पूरी कर ली, जिससे दोनों पक्षों के बीच व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक संबंध मजबूत होंगे।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments