अंबाला, 16 फरवरी (भाषा) हरियाणा के अंबाला में सोमवार को टांगरी पुल राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक तीन वाहनों से टकराने के बाद पलट गया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस को आशंका है कि यह दुर्घटना घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की वजह से हुई।
इससे पहले यह माना जा रहा था कि इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना शाहपुर में तब हुई, जब दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहा ट्रक एक कार, एक मोटरसाइकिल और एक तिपहिया वाहन से टकरा गया और फिर उन वाहनों के ऊपर पलट गया।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में मोटरसाइकिल चालक और तिपहिया वाहन में यात्रा कर रहे एक व्यक्ति की ट्रक के नीचे दबने से मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि घने कोहरे के कारण कम दृश्यता की वजह से ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
पड़ाव थाना प्रभारी (एसएचओ) धर्मवीर सिंह ने बताया कि क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को उठाया गया और उसके नीचे से दो शवों को बाहर निकाला गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस दुर्घटना के कारण दिल्ली-अंबाला राजमार्ग खंड पर रास्ता अवरुद्ध हो गया था, हालांकि पुलिस ने कुछ समय बाद यातायात बहाल कर दिया।
भाषा
प्रचेता दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
