नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) छीने गए व चोरी के मोबाइल फोन की नेपाल में आपूर्ति करने के आरोप में 36 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ झेला के रूप में हुई है, जो उत्तर दिल्ली के मजनू का टीला इलाके का निवासी है।
पुलिस के अनुसार वह मोबाइल झपटमारी और चोरी में शामिल एक संगठित गिरोह का सदस्य है तथा गिरोह का मुख्य आपूर्तिकर्ता था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के दो सदस्यों के पहले गिरफ्तार किया गया था जिनमें जय भगवान उर्फ काले और जितेंद्र उर्फ पहाड़ी शामिल है जिसके बाद झेला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान जितेंद्र ने खुलासा किया कि वह चोरी के मोबाइल फोन की आपूर्ति पोखरा (नेपाल) में रहने वाले एक नेपाली नागरिक को करता था।
आरोपी के कब्जे से चोरी के 21 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनमें से पांच मोबाइल दर्ज प्राथमिकी से जुड़े पाए गए हैं, जबकि शेष उपकरणों को लंबित मामलों से जोड़ने और अन्य खरीदारों की पहचान के लिए जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र के खिलाफ पहले से लूट और चोरी सहित पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
