scorecardresearch
Saturday, 4 April, 2026
होमदेशएसएससी की परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

एसएससी की परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

Text Size:

मेरठ, 14 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की मेरठ इकाई और उत्तराखंड एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा आयोजित मल्टी टास्किंग स्टाफ (एसटीएस) प्रतियोगी परीक्षा में कथित रूप से नकल कराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को देहरादून से गिरफ्तार किया है।

उत्तर प्रदेश एसटीएफ की मेरठ इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवरिया निवासी नीतीश कुमार और उत्तराखंड के देहरादून निवासी भास्कर नैथानी के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों को देहरादून कोतवाली क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह ‘एड्यूक्विटी’ कंपनी के माध्यम से आयोजित एसएससी एमटीएस भर्ती के परीक्षा केंद्र ‘महादेव डिजिटल जोन’ में कंप्यूटर हैकिंग के जरिए नकल कराई जा रही थी।

सिंह ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर ‘लोकल नेटवर्क’ और ‘प्रॉक्सी सर्वर’ के जरिए ‘रिमोट एक्सेस’ तैयार किया, जिससे वे परीक्षार्थियों को अनुचित मदद दे रहे थे। पुलिस ने उनके पास से चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और एक इंटरनेट राउटर बरामद किया है।

उन्होंने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

भाषा सं जफर खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments