scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशछत्तीसगढ़ : सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के लगाए 14 आईई़डी निष्क्रिय किए

छत्तीसगढ़ : सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के लगाए 14 आईई़डी निष्क्रिय किए

Text Size:

बीजापुर, 13 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों ने एक वन क्षेत्र में नक्सलियों की ओर से लगाए गए 14 आईईडी शुक्रवार को निष्क्रिय कर दिए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के दो हथियार भंडारों का भी पता लगाया, जहां विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान रखा था।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 196वीं बटालियन और कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रेसोल्यूट एक्शन, सीआरपीएफ की एक विशिष्ट इकाई) की 204वीं बटालियन के कर्मियों ने उसूर थाना क्षेत्र के तहत ताडपाला हिल्स इलाके में चलाए गए नक्सल रोधी अभियान के तहत 14 आईईडी निष्क्रिय किए तथा दो हथियारों भंडार का पता लगाया।

अधिकारियों के मुताबिक, गश्ती दल ने बीयर की बोतलों के अंदर छिपाए गए प्रेशर स्विच प्रणाली से लैस 13 आईईडी और लोहे के पाइप से निर्मित एक आईईडी बरामद किया, तथा ये सभी जमीन के नीचे बिछाए गए थे। सभी विस्फोटकों को मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की ओर से अलग-अलग जगहों पर जमीन के नीचे बनाए गए दो हथियार भंडारों का भी पता लगाया, जिनमें प्लास्टिक के ड्रम और पॉलीथीन में विस्फोटक सामग्री व अन्य सामान छिपाकर रखा गया था।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों हथियार भंडारों से बरामद की गई वस्तुओं में 13 डेटोनेटर, 11 किलोग्राम बारूद, प्लास्टिक के चार ड्रम, स्टील के दो ड्रम, लोहे के दो ड्रम, नक्सली वर्दी, जूते, टोपी, रस्सियां, सौर पैनल तथा माओवादी साहित्य शामिल है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने टेकमेटला कुंजमपारा क्षेत्र में निर्मित एक माओवादी स्मारक को भी ध्वस्त कर दिया।

अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार को एक अलग अभियान में सुरक्षाबलों ने मोदकपाल थाना क्षेत्र के पांगुर गांव में नक्सलियों द्वारा निर्मित छह माओवादी स्मारकों को भी ढहा दिया।

भाषा पारुल नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments