scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशब्रह्मपुत्र नदी पर बने 3000 करोड़ रुपये के नये पुल से असम में बेहतर होगा शहरी आवागमन

ब्रह्मपुत्र नदी पर बने 3000 करोड़ रुपये के नये पुल से असम में बेहतर होगा शहरी आवागमन

Text Size:

(तस्वीर के साथ)

गुवाहाटी, 13 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को ब्रह्मपुत्र नदी पर 3,000 करोड़ रुपये की लागत से बने जिस कुमार भास्कर वर्मा पुल का उद्घाटन करेंगे वह असम में क्षेत्रीय संपर्क और शहरी आवागमन को बेहतर बनाएगा। अधिकारियों ने यह बात कही।

अधिकारियों ने बताया कि गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी को जोड़ने वाला 1.24 किलोमीटर लंबा यह पुल भारत के सबसे चुनौतीपूर्ण नदीय क्षेत्रों में से एक पर बनाया गया है।

परियोजना कार्यान्वयन एजेंसी ‘एसपीएस कंस्ट्रक्शन इंडिया’ के निदेशक रोहित सिंगला ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह एक महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धि का द्योतक है और असम के दीर्घकालिक परिवहन नेटवर्क में एक प्रमुख योगदानकर्ता है।’’

उन्होंने कहा कि इस पुल से यात्रा का समय घटने, भीड़भाड़ कम होने तथा माल ढुलाई और लंबी दूरी के यात्रियों के लिए सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सिंगला ने शुक्रवार को कहा, ‘‘कार्यकारी एजेंसी के रूप में हमारी भूमिका उस परिकल्पना को एक टिकाऊ, सुरक्षित और कार्यात्मक संरचना में तब्दील करना था। परियोजना के पूरे चक्र के दौरान अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए हम उनके आभारी हैं। हमारा मानना ​​है कि यह पुल आने वाले कई वर्षों तक क्षेत्र की आवागमन संबंधी जरूरतों को पूरा करेगा।’’

उन्होंने कहा कि पारंपरिक झूलते पुलों के विपरीत, यह आधुनिक ‘एक्स्ट्राडोज्ड डिजाइन’ चौड़ी ब्रह्मपुत्र नदी पर त्वरित निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर इष्टतम मजबूती और स्थायित्व प्रदान करता है।

यह 6-लेन संरचना पूर्वोत्तर भारत का पहला ‘एक्स्ट्राडोज्ड’ पुल है।‘एक्स्ट्राडोज्ड’ पुल में आम पुल एवं झूलते पुलों की प्रमुख विशेषताएं होती हैं।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments