scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशप्रचार के लिए सार्वजनिक कोष का इस्तेमाल कर रही वामपंथी सरकार : चेन्निथला

प्रचार के लिए सार्वजनिक कोष का इस्तेमाल कर रही वामपंथी सरकार : चेन्निथला

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 13 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केरल की वाम सरकार विधानसभा चुनाव से पहले अपनी उपलब्धियों और वादों का प्रचार करने के लिए राज्य परिवहन की बसों और होर्डिंग्स पर विज्ञापन देने में सार्वजनिक कोष का इस्तेमाल कर रही है।

चेन्निथला ने संवाददाताओं से कहा कि इन विज्ञापनों के जरिए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार अपनी कथित विफलताओं और खराब शासन को छिपाने या उस पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है तथा जनता को गुमराह किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया, “सरकार केएसआरटीसी बसों और बड़े-बड़े होर्डिंग्स पर अपने विज्ञापन लगाने के लिए जनता के करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। यह सब अपनी नाकामियों और खराब प्रशासन को छिपाने के लिए किया जा रहा है। जनता ऐसे प्रयासों को समझती है।”

चेन्निथला ने कहा कि आम जनता और वामपंथी खेमे के कई वरिष्ठ नेता तथा समर्थक, जैसे वरिष्ठ कवि और केरल साहित्य अकादमी के अध्यक्ष के सच्चिदानंदन, सरकार में बदलाव की मांग कर चुके हैं।

उन्होंने कहा, “लेकिन केरल के मुख्यमंत्री यह देख नहीं पा रहे हैं। वह तीसरी बार राज्य की सत्ता में बने रहना चाहते हैं।”

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पार्टी की राज्यव्यापी यात्रा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दो प्रमुख समितियों प्रचार समिति और घोषणापत्र समिति का गठन कर चुनाव संबंधी कार्य शुरू कर दिया है।

चेन्निथला और शशि थरूर को क्रमशः प्रचार समिति का अध्यक्ष और सह-अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि कांग्रेस सांसद शफी परम्बिल को समिति का संयोजक बनाया गया है।

भाषा राखी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments