अडोनी (आंध्र प्रदेश), 13 फरवरी (भाषा) अमेरिका में पुलिस वाहन की टक्कर में जान गंवाने वाली 23 वर्षीय भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला के परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ दोबारा टूट पड़ा, जब 2.9 करोड़ डॉलर के मुआवजे की घोषणा से महज दो दिन पहले उनके पिता का निधन हो गया।
जाह्नवी की 23 जनवरी 2023 को उस समय मौत हो गई थी, जब वह सड़क पार कर रही थीं और सिएटल पुलिस के एक तेज रफ्तार वाहन ने जाह्नवी को टक्कर मार दी।
पुलिस की गाड़ी में बैठा संबंधित अधिकारी आपात स्थल की ओर जा रहा था।
परिवार के एक रिश्तेदार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जाह्नवी के पिता कंडुला श्रीकांत का 10 फरवरी को कुर्नूल जिले में हृदयाघात से निधन हो गया। वह सेवानिवृत्त पुलिस कांस्टेबल थे।
रिश्तेदार ने शुक्रवार को बताया, “श्रीकांत का अंतिम संस्कार बुधवार को अडोनी में किया गया। परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था और अब एक और अपूरणीय क्षति से जूझ रहा है।”
उन्होंने कहा कि परिवार इस समय शोक में है और मुआवजे की राशि पर बात करना उचित नहीं है।
जाह्नवी सिएटल स्थित नॉर्थ ईस्टन विश्वविद्यालय के परिसर में सूचना प्रणाली में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही थीं।
भाषा राखी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
