scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशयूपी बजट 2026-27: नई योजनाओं के लिए 43,565 करोड़ रुपये का प्रस्ताव, सीएम योगी का ऐलान

यूपी बजट 2026-27: नई योजनाओं के लिए 43,565 करोड़ रुपये का प्रस्ताव, सीएम योगी का ऐलान

सीएम ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अपनी छवि बदलने का प्रयास किया है और यह बजट उसी सोच को आगे बढ़ाता है.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपनी सरकार का 10वां बजट पेश कर एक नया रिकॉर्ड बनाया. वर्ष 2026-27 के बजट में नई योजनाओं के लिए 43,565 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट राज्य की आर्थिक मजबूती और विकास को गति देने पर केंद्रित है.

सीएम योगी ने कहा, “नई योजनाओं के लिए 43,565 करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्ताव रखा गया है. पूंजीगत व्यय के लिए 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि तय की गई है. इससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे. यह हमारी सरकार का 10वां बजट है और पहली बार किसी मुख्यमंत्री को उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में 10 बजट पेश करने का अवसर मिला है.”

उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अपनी छवि बदलने का प्रयास किया है और यह बजट उसी सोच को आगे बढ़ाता है. उन्होंने बताया कि 9 साल में राज्य का बजट तीन गुना से अधिक बढ़ा है. यह बजट महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं की क्षमता, किसानों के कल्याण और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान देता है.

इससे पहले वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए सरकार के दोनों कार्यकाल में हुए सर्वांगीण विकास का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडिया इंडेक्स में यूपी की रैंकिंग 2018-19 में 29वें स्थान से बढ़कर 2023-24 में 18वें स्थान पर पहुंच गई है.

फरवरी 2024 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए, जिससे करीब 10 लाख रोजगार सृजित होने की संभावना है. अब तक 16 हजार से अधिक परियोजनाओं के लिए 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश के साथ चार ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह हो चुके हैं.

बजट सत्र 9 फरवरी से 20 फरवरी तक चलेगा. वर्ष 2026-27 का राज्य बजट 11 फरवरी को विधानसभा में प्रस्तुत किया गया.

share & View comments