scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशराजपाल यादव: राजनेता तेज प्रताप यादव, अभिनेता सोनू सूद और गुरमीत चौधरी ने मदद की पेशकश की

राजपाल यादव: राजनेता तेज प्रताप यादव, अभिनेता सोनू सूद और गुरमीत चौधरी ने मदद की पेशकश की

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) राजनेता तेज प्रताप यादव, अभिनेता सोनू सूद और गुरमीत चौधरी ने मंगलवार को जेल में बंद अभिनेता राजपाल यादव को मदद की पेशकश की।

राजपाल यादव ने 2010 में निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा था और बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म की असफलता से जुड़े चेक बाउंस मामलों के सिलसिले में उन्होंने तिहाड़ जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।

जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने राजपाल यादव और उनके परिवार को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

तेज प्रताप यादव ने एक पोस्ट में कहा, “मुझे अभी-अभी अपने बड़े भाई राव इंद्रजीत यादव के संदेश से आदरणीय राजपाल यादव के परिवार के दुख के बारे में जानकारी मिली है। इस बेहद मुश्किल घड़ी में, मैं और मेरा पूरा जनशक्ति जनता दल परिवार, उनके परिवार के साथ पूरी सहानुभूति और एकजुटता से खड़ा है।”

उन्होंने कहा, “मानवीय करुणा और समर्थन की भावना से प्रेरित होकर जनशक्ति जनता दल परिवार की ओर से मैं उनके (राजपाल यादव के) परिवार को ₹11,00,000 की वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा हूं।”

सोनू सूद ने एक पोस्ट में लिखा, “राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने कई वर्षों से हमारे उद्योग में अविस्मरणीय काम किया है। कभी-कभी जीवन निष्ठुर हो जाता है, इसका कारण प्रतिभा नहीं, बल्कि बुरा वक्त होता है। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और मेरा मानना ​​है कि यह हम सभी… निर्माताओं, निर्देशकों और सहकर्मियों के लिए एक साथ खड़े होने का समय है।”

अभिनेता ने कहा कि इस उद्योग जगत में उन्हें यह महसूस कराना चाहिए कि वे अकेले नहीं हैं।

सूद ने कहा, “एक छोटा ‘साइनिंग अमाउंट’, जो भविष्य के काम के हिसाब से समायोज्य हो, दान नहीं बल्कि सम्मान है। जब हमारा कोई अपना किसी कठिन दौर से गुजर रहा हो… यह दिखाता है कि हम सिर्फ एक उद्योग नहीं, बल्कि इससे कहीं बढ़कर हैं।”

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) से स्नातक अभिनेता राजपाल यादव फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘वक्त’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘पार्टनर’, ‘भूल भुलैया’, ‘हंगामा’ और ‘चुप चुप के’ में अपने अभिनय के लिए जाने जाते हैं।

अभिनेता द्वारा चेक बाउंस मामले में बकाया के भुगतान के लिए और समय मांगे जाने की अर्जी को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया। अभिनेता को करीब नौ करोड़ रुपये का भुगतान करना है।

वर्ष 2010 में यादव ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए मैसर्स मुरली प्रोजक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से पांच करोड़ रुपये का कर्ज लिया था।

लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही।

यादव ने आत्मसमर्पण करने से पहले ‘बॉलीवुड हंगामा’ से कहा था कि उनके पास बकाया राशि चुकाने के लिए पैसे या अन्य कोई साधन नहीं हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने अपने सहकर्मियों से मदद ली, तो अभिनेता ने कहा कि फिल्म उद्योग में ‘हर कोई अकेला’ है।

टीवी शो में राम की भूमिका निभाने के लिए मशहूर अभिनेता गुरमीत चौधरी ने कहा कि राजपाल यादव जैसे वरिष्ठ और ‘बेहद प्रतिभाशाली कलाकार’ को इस तरह के दर्दनाक दौर से गुजरते देखकर उनका दिल टूट गया है।

चौधरी ने ‘एक्स’ पर कहा, “उन्होंने (राजपाल यादव ने) हमें अनगिनत बार मुस्करानें, हंसी और अविस्मरणीय पल दिए हैं। आज उन्हें हमारी जरूरत है। एक साथी अभिनेता और एक इंसान होने के नाते मैं हरसंभव तरीके से उनकी मदद करने के लिए आगे आ रहा हूं। मैं फिल्म जगत के सभी निर्माताओं, निर्देशकों और सदस्यों से विनम्र निवेदन करता हूं कि आइए हम सब करुणा और मानवता के साथ मिलकर इस समस्या का समाधान निकालें।”

उन्होंने कहा, “हमारा फिल्म जगत एक परिवार है। और परिवार कभी अपनों को नहीं छोड़ता।”

दिल्ली उच्च न्यायालय ने अपने हालिया फैसले में कहा था कि राजपाल यादव को उनके खिलाफ दायर सात मामलों में से प्रत्येक में 1.35 करोड़ रुपये का भुगतान करना आवश्यक था।

अदालत ने निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल के पास पहले से जमा राशि शिकायतकर्ता के पक्ष में जारी की जाए।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments