नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) टाटा ऑटोकॉम्प सिस्टम्स लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि वह देश भर में अपनी उपस्थिति मजबूत करने और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए इस साल भारत में कई अतिरिक्त संयंत्र स्थापित करने की योजना बना रही है।
कंपनी, जिसने 30 जनवरी को साणंद (गुजरात) में दो नए विनिर्माण संयंत्रों का उद्घाटन किया था, ने बताया कि अब साणंद में उसके आठ से अधिक संयंत्र चल रहे हैं।
टाटा ऑटोकॉम्प सिस्टम्स लिमिटेड के वाइस-चेयरमैन अरविंद गोयल ने बयान में कहा, ‘‘हम ग्राहकों को विश्व स्तरीय गुणवत्ता और परिचालन उत्कृष्टता प्रदान करने के लिए अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रहे हैं। इसी गति को आगे बढ़ाते हुए, हम इस वर्ष भारत में कई अतिरिक्त संयंत्र स्थापित करने की योजना बना रहे हैं, जिससे वाहन उद्योग की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमारी क्षमताएं और मजबूत होंगी।’’
हालांकि, कंपनी ने प्रस्तावित अतिरिक्त संयंत्रों की सटीक संख्या और उनमें किए जाने वाले निवेश के विवरण का खुलासा नहीं किया है।
भाषा सुमित अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
