scorecardresearch
Tuesday, 10 February, 2026
होमखेलपाकिस्तान को कोलंबो में दो हफ्ते रहने का फायदा मिलेगा : डोएशे

पाकिस्तान को कोलंबो में दो हफ्ते रहने का फायदा मिलेगा : डोएशे

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) सहायक कोच रेयान टेन डोएश ने कहा कि भारतीय टीम टी20 विश्व कप के लीग मैच में पाकिस्तान का सामना करने के लिए मानसिक रूप से पहले ही तैयार थी और पड़ोसी देश के हाल में मुकाबले के बहिष्कार को खत्म करने के निर्णय से टीम का ध्यान केवल क्रिकेट पर केंद्रित कर दिया है।

पाकिस्तान ने सरकारी निर्देशों का हवाला देते हुए पहले 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलने की घोषणा की थी। लेकिन अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आईसीसी को सूचित किया कि टीम अपने सभी निर्धारित मुकाबलों में खेलेगी जिससे इस प्रतिष्ठित मैच को लेकर अनिश्चितता समाप्त हो गई।

डोएशे ने कहा कि भारतीय ड्रेसिंग रूम ने कभी भी मैदान से बाहर की घटनाओं को अपनी तैयारी पर असर डालने नहीं दिया।

उन्होंने मीडिया से कहा, ‘‘जैसा कि मैंने कहा, हमने इस स्थिति को स्वीकार लिया था और जब तक हम वहां पहुंचते। और वे मैदान में उपस्थित नहीं होते, तब तक हम यही मान कर चल रहे थे कि हम मैच खेलेंगे। ’’

दक्षिण अफ्रीका में जन्में नीदरलैंड के पूर्व कप्तान ने दोहराया कि खिलाड़ी जानबूझकर इस मुकाबले से जुड़ी राजनीतिक बहस से दूरी बना रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी राजनीति से दूर रहने की कोशिश कर रहे हैं। मैंने पहले भी देश की भावनाओं और दोनों देशों के बीच की राजनीति के बारे में जिक्र किया है। लेकिन मुझे लगता है कि हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण केवल क्रिकेट पर ध्यान देना है। ’’

डोएशे ने यह भी स्वीकार किया कि पाकिस्तान को कोलंबो में पहले से रहने का एक ‘लॉजिस्टिक’ लाभ मिल सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि पाकिस्तान पिछले दो हफ्ते से कोलंबो में है और हम पूरी तरह से अगले हफ्ते उस मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। ’’

भारत 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगा और डोएशे का मानना है कि पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर स्पष्टता से दोनों टीमों को केवल खेल पर ध्यान लगाने का मौका मिलेगा।

आईसीसी ने सुनिश्चित किया है कि टूर्नामेंट सुचारू रूप से चले और अब दोनों टीम का पूरा ध्यान मैदान पर है।

भाषा

नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments