कोलंबो, 10 फरवरी (भाषा) श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को 15 फरवरी को भारत के खिलाफ यहां होने वाले टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार वापस लेने का निर्देश देने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ का आभार व्यक्त किया है।
बांग्लादेश और श्रीलंका के आग्रह के बाद पाकिस्तान सरकार ने बहिष्कार की अपील वापस लेने का फैसला किया जिसका मतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। इससे इस मैच पर बने संकट के बादल भी छंट गए।
दिसानायके ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘यह जानकर बेहद खुशी हुई कि मौजूदा टी20 क्रिकेट विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मैच का कोलंबो में आयोजन किया जाएगा।’’
श्रीलंका क्रिकेट ने पीसीबी को लिखे पत्र में अपना निर्णय बदलने का अनुरोध किया था जिसके बाद दिसानायके ने सोमवार रात शरीफ को फोन करके उन्हें मैच खेलने के लिए मनाने की कोशिश की थी।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार दिसानायके की अपील को स्वीकार कर लिया गया है जिससे उनके देश द्वारा मैच का बहिष्कार प्रभावी रूप से समाप्त हो गया।
इससे पहले पाकिस्तान ने कहा था कि वह भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। इसे बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने से जुड़ा राजनीतिक विरोध माना जा रहा था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बांग्लादेश के सुरक्षा कारणों से अपने मैच भारत से श्रीलंका में स्थानांतरित करने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था।
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
