लखनऊ: उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था ने बीते आठ वर्षों में तेज़ रफ्तार से विकास किया है. वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा में पहली बार प्रदेश की आर्थिक समीक्षा 2025-26 प्रस्तुत की.
आर्थिक समीक्षा के मुताबिक, वर्ष 2016-17 में 13.30 लाख करोड़ की यूपी की अर्थव्यवस्था 2024-25 में बढ़कर 30.25 लाख करोड़ से अधिक हो गई है. वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में इसके 36 लाख करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है.
समीक्षा में बताया गया कि प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में यूपी का योगदान बढ़कर 9.1 प्रतिशत हो गया है. प्रति व्यक्ति आय भी 2016-17 के 54,564 से बढ़कर 2024-25 में 1,09,844 हो गई है.
आर्थिक समीक्षा के अनुसार, कृषि, उद्योग और सेवा—तीनों क्षेत्रों में संतुलित विकास हुआ है. साथ ही, बजट आकार, पूंजीगत व्यय और कर राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सरकार ने इसे मजबूत वित्तीय अनुशासन और बेहतर प्रशासन का नतीजा बताया है.
