scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशअर्थजगतजेटवर्क के इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार प्रमुख फॉल्गर का इस्तीफा, प्रतिद्वंद्वी ‘डिक्सन’ की इकाई में शामिल

जेटवर्क के इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार प्रमुख फॉल्गर का इस्तीफा, प्रतिद्वंद्वी ‘डिक्सन’ की इकाई में शामिल

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) जेटवर्क के इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार प्रमुख जोश फॉल्गर ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है और वह प्रतिद्वंद्वी ‘डिक्सन टेक्नोलॉजीज’ की अनुषंगी कंपनी में शामिल हो गए हैं।

कंपनी के प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले एक महीने के भीतर कंपनी के यह दूसरे शीर्ष अधिकारी का इस्तीफा है।

डिक्सन टेक्नोलॉजीज ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘ जोश फॉल्गर को पैजेट इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (पीईपीएल) में आईटी हार्डवेयर एवं नए प्रोजेक्ट्स के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है, जो डिक्सन की पूर्ण स्वामित्व वाली/गैर-सूचीबद्ध अनुषंगी कंपनी है। वह 16 फरवरी, 2026 से कार्यभार संभालेंगे। ’’

फॉल्गर दो वर्ष पहले ही जेटवर्क से जुड़े थे। इससे पहले वह फॉक्सकॉन की भारतीय इकाई, ‘भारत एफआईएच’ का नेतृत्व कर चुके हैं।

जेटवर्क के मुख्य विपणन अधिकारी अमृत राज ने पिछले महीने इस्तीफा दे दिया था। वह अब उद्यम पूंजी कंपनी ‘जंगल वेंचर्स’ से जुड़ गए हैं।

इससे पहले संपर्क किए जाने पर जेटवर्क के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ जोश फॉल्गर ने शुरुआती एवं विकास के चरणों में जेटवर्क इलेक्ट्रॉनिक्स को आकार देने में अहम भूमिका निभाई। अब व्यक्तिगत कारणों से चेन्नई लौटने का फैसला किया है। हम उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हैं और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।’’

फॉल्गर के पद संभालने के बाद जेटवर्क ने 2024 में अपनी इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण क्षमता के विस्तार के लिए 1,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान किया था।

कंपनी कई ‘बैंकर’ के साथ चर्चा कर रही है और शीघ्र ही आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए दस्तावेज दाखिल किए जाने की उम्मीद है।

जेटवर्क ने आखिरी बार अपना मूल्यांकन 3.1 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक बताया था। वहीं सकल व्यापारिक मूल्य करीब 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर से बढ़कर दो अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक होने की जानकारी दी थी ।

भाषा निहारिका अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments