scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशरायबरेली में तेज रफ्तार कार ने निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर आठ लोगों को टक्कर मारी, चार की मौत

रायबरेली में तेज रफ्तार कार ने निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर आठ लोगों को टक्कर मारी, चार की मौत

Text Size:

रायबरेली (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) रायबरेली जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक तेज रफ्तार कार ने आठ लोगों को टक्कर मार दी, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा जगतपुर पुलिस थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास तब हुआ, जब कोडर गांव के निवासी चुली गांव में आयोजित सामुदायिक भोज से लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक ये लोग एक्सप्रेसवे से होकर गुजर रहे थे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ने उन्हें टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि हिमांशी (23) और शालिनी (22) नाम की दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रश्मी (14) और आसमा (22) ने बाद में दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक हादसे में रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (नौ), मीना (22) और रेशमा (14) घायल हुई हैं जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

घटना की जानकारी होने पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर तथा पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘‘यह दुर्घटना निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार के कारण हुई। चार लोगों की मौत हो गई है और चार अन्य घायल हो गए हैं। वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।’’

भाषा सं सलीम धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments