scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशशराब घोटाला मामलों में न्यायालय के आदेश के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री ओडिशा के मलकानगिरी गए

शराब घोटाला मामलों में न्यायालय के आदेश के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री ओडिशा के मलकानगिरी गए

Text Size:

भुवनेश्वर, आठ फरवरी (भाषा) ओडिशा के मलकानगिरी जिले की रिक्लेमेशन कॉलोनी छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा का अस्थायी निवास बन गई है। कांग्रेस नेताओं ने यह जानकारी दी।

उच्चतम न्यायालय ने उन्हें शराब घोटाले के दो कथित मामलों के सिलसिले में राज्य से बाहर रहने का निर्देश दिया है।

न्यायालय ने बस्तर के कोंटा निर्वाचन क्षेत्र से पांच बार के आदिवासी विधायक को जमानत देते हुए उन्हें जांच लंबित रहने के दौरान छत्तीसगढ़ से बाहर रहने का निर्देश दिया है।

मलकानगिरी में शनिवार को पहुंचने पर कोंटा विधायक का कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास राव ने बताया कि रिक्लेमेशन कॉलोनी में उनके लिए एक मकान किराये पर लिया गया है।

लखमा ने मलकानगिरी में स्थानीय पत्रकारों को बताया, “उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार, मैंने उस अवधि के दौरान रहने के लिए मलकानगिरी को चुना क्योंकि यहां की भाषा, परंपरा, संस्कृति और भोजन छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र से मिलते-जुलते हैं।”

मंगलवार को उच्चतम न्यायालय ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और राज्य पुलिस द्वारा अलग-अलग दर्ज किए गए शराब घोटाले के दो मामलों में लखमा को अंतरिम जमानत दे दी।

उन्हें ईडी ने 15 जनवरी, 2025 को गिरफ्तार किया था और तब से वे न्यायिक हिरासत में थे। कांग्रेस नेता को चार फरवरी को रायपुर केंद्रीय जेल से रिहा कर दिया गया।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments