scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशसूरजकुंड मेला: दो बड़ी दुर्घटनाओं के बाद भी रविवार को दर्शक संख्या बढ़कर चार गुना हो गई

सूरजकुंड मेला: दो बड़ी दुर्घटनाओं के बाद भी रविवार को दर्शक संख्या बढ़कर चार गुना हो गई

Text Size:

फरीदाबाद, आठ फरवरी (भाषा) हरियाणा में यहां आयोजित ‘सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला’ में एक दिन पहले की दुखद दुर्घटना (जिसमें एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई) का दर्शक संख्या पर कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है और रविवार को दर्शक संख्या एक दिन पहले के मुकाबले बढ़कर चार गुना से अधिक हो गई। मेले में हालात यह थे कि भारी भीड़ के कारण लोगों को मुश्किल से खड़े होने की जगह मिल पा रही थी।

शनिवार की दुखद घटना के एक दिन बाद रविवार को मेला में शुरू में उपस्थिति कम थी और मैदान में कुछ ही लोग दिखाई दे रहे थे।

हालांकि, जैसे ही यह खबर फैली कि हादसे के बावजूद मेला अब भी जारी है, भीड़ तेजी से बढ़ने लगी। दोपहर दो बजे तक उपस्थित लोगों की संख्या चौंका देने वाली थी।

मेला प्रबंधन के अनुसार, शनिवार को लगभग 50,000 लोग मेले में आए थे। इसके विपरीत रविवार को अब तक मेले में 2,25,000 से अधिक लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि आगंतुकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रविवार को अतिरिक्त द्वार खोलने पड़े।

एक अधिकारी ने बताया कि मेले के नौवें दिन की शुरुआत शोकपूर्ण वातावरण में हुई। ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

उन्होंने बताया कि अपराह्न तीन बजे के बाद मंच की सभी सीट पूरी तरह भर गईं और मेले को देखने के लिए लोग आखिरी पंक्ति तक कतार में खड़े नजर आए।

शनिवार शाम करीब छह बजे जब झूला अचानक जमीन पर गिरा, तब उसमें सवार लगभग 19 लोगों में से 11 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि झूला गिरने से बमुश्किल एक घंटे पहले मेला स्थल का एक फाटक गिर पड़ा था, जिससे एक बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए था।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने की घोषणा की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है और हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के निर्देशानुसार फरीदाबाद में पुलिस उपायुक्त (अपराध) की देखरेख में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

भाषा संतोष दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments