मुंबई, आठ फरवरी (भाषा) मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक गैस टैंकर दुर्घटना के कुछ दिनों बाद उसके चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस दुर्घटना के कारण 33 घंटे तक भारी यातायात जाम लगा रहा और हजारों वाहन चालक फंस गए थे। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि रायगढ़ जिले के खोपोली थाने में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी रतन सिंह उदय नारायण सिंह (44) के खिलाफ लापरवाही और खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने व दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
तीन फरवरी को शाम करीब पांच बजे रायगढ़ जिले में अदोशी सुरंग के पास अत्यधिक ज्वलनशील प्रोपलीन गैस ले जा रहा एक टैंकर पलट गया। पुलिस के अनुसार, वाहन कथित तौर पर तेज गति से चल रहा था और ढलान पर चालक ने नियंत्रण खो दिया।
टैंकर कोचीन से गुजरात की ओर जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में चालक और उसका खलासी घायल हो गए और उन्हें नवी मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
एक्सप्रेसवे के मुंबई की ओर जाने वाले हिस्से पर दुर्घटना के लगभग 33 घंटे बाद पांच फरवरी की सुबह यातायात बहाल कर दिया गया था।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
