पटियाला, आठ फरवरी (भाषा) पंजाब सरकार ने डॉ. पुष्पिंदर सिंह गिल को पटियाला स्थित महाराजा भूपिंदर सिंह पंजाब खेल विश्वविद्यालय (एमबीएसपीएसयू) का कुलपति नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा और यह नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी।
रविवार को एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि गिल को शिक्षा, अनुसंधान, प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय परामर्श के क्षेत्र में 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
प्रवक्ता ने कहा कि पटियाला स्थित पंजाबी विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर गिल ने कई नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई हैं, जो उन्हें पंजाब के इस प्रमुख खेल विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता की ओर ले जाने के लिए विशिष्ट रूप से सक्षम बनाती हैं।
गिल ने 1993 में पंजाबी विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की और इसके प्रबंधन अध्ययन स्कूल में कार्य किया।
उनकी विद्वतापूर्ण उपलब्धियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में उनके 84 शोध पत्र का प्रकाशन, 10 पुस्तकें और प्रबंधन एवं संबंधित विषयों पर लोकप्रिय पत्रिकाओं और समाचार पत्रों में प्रकाशित हो चुके 400 से अधिक लेख शामिल हैं।
भाषा संतोष प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
